रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। राहुल गांधी के विरोध में निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले ही बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया था। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं रुके और बैरिकेड पार करने का प्रयास जारी रखा, तो पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
घटनास्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से रोक दिया।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।



