रायपुर, 18 जुलाई। Coal Levy Scam : छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी, कस्टम मिलिंग और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में आरोपी एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। विशेष अदालत ने उनकी EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) रिमांड 22 जुलाई तक बढ़ा दी है।
शुक्रवार को विशेष अदालत में पेशी के दौरान EOW ने पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड की मांग की। जांच एजेंसी का कहना था कि पूछताछ के दौरान कई अहम दस्तावेज और जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। अदालत ने एजेंसी की दलील स्वीकार करते हुए 22 जुलाई तक की रिमांड मंजूर कर दी।
तीन साल फरार रहने के बाद किया था सरेंडर
रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे। उन्होंने 8 जुलाई को रायपुर स्थित EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत ने उन्हें 9 जुलाई से 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा था। अब रिमांड अवधि बढ़ाकर 22 जुलाई कर दी गई है।
बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ
जांच एजेंसी पहले ही उनके बेटे वैभव अग्रवाल से पूछताछ कर चुकी है। EOW वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य आरोपियों के साथ संभावित संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
शराब घोटाले में भी गिरफ्तारी की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, EOW ने बहुचर्चित शराब घोटाले में भी रामगोपाल अग्रवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के लिए विशेष अदालत में आवेदन दिया है। माना जा रहा है कि मौजूदा पूछताछ पूरी होने के बाद इस मामले में भी उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।



