धरसीवां। एक ओर सरकार गांवों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता के लिए जागरूक करने वाले जनप्रतिनिधियों को ही विरोध और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। रायपुर जिले के धरसीवां ग्राम पंचायत से ऐसा ही मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: जली हुई महिला की लाश मामले में प्रेमी गिरफ्तार, हत्या के बाद पेट्रोल डालकर जलाया था शव
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत धरसीवां के वार्ड क्रमांक-2 की आदिवासी महिला पंच मानकी नेताम अपने वार्ड में लोगों को घरों का गंदा पानी सड़क पर नहीं बहाने के लिए जागरूक कर रही थीं। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गुड्डा नामक व्यक्ति समेत उसके परिजनों ने महिला पंच के साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मानकी नेताम मजदूरी का काम कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट की। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
धरसीवां थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच साहिल खान ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कोशिश कर रहे पंचों के साथ ही मारपीट होगी, तो स्वच्छता अभियान का उद्देश्य कैसे पूरा होगा।



