लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के छुरा विकासखंड में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के.एल. मतावले का मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगों ने ठगी की कोशिश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- खनन पट्टा दिलाने के नाम पर ठगी, फर्जी वकील की कोर्ट में खुली पोल
जानकारी के अनुसार साइबर अपराधियों ने छुरा बीईओ के मोबाइल नंबर को हैक कर उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सएप के जरिए लोगों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया। इन संदेशों में परिचितों और शिक्षकों से 35 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि ठग बीईओ के.एल. मतावले की पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आते ही संबंधित अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है।
घटना के बाद इस पूरे मामले की शिकायत साइबर पुलिस में दर्ज करा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल हैकिंग के पीछे कौन लोग शामिल हैं और अब तक किन-किन लोगों को निशाना बनाया गया है।
प्रशासन की ओर से सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और परिचितों से अपील की गई है कि यदि बीईओ के नाम से किसी प्रकार का मैसेज या कॉल आए और पैसों की मांग की जाए तो सतर्क रहें तथा किसी भी स्थिति में रकम ट्रांसफर न करें।
फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जागरूक रहने की सलाह दी गई है।



