राजनांदगांव। जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़े :- पुलिस का विशेष सत्यापन अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों और मुसाफिरों की हुई सघन जांच
मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी (24) निवासी भिलाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुस्कान अपने कुछ परिचितों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां बाद में वह अचेत अवस्था में मिली। सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। घटना के बाद उनके अचानक गायब होने से पुलिस को भी मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच टीम अब उन सभी लोगों की तलाश में जुट गई है, जो मृतका के साथ रिसॉर्ट पहुंचे थे।
पुलिस ने रिसॉर्ट के कर्मचारियों, प्रबंधन और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही रिसॉर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवती की अंतिम गतिविधियों और उसके साथ मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवती की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी दुर्घटना का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है तथा जल्द ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लगा लिया जाएगा।
फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है और सभी की निगाहें अब पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।



