US-Iran War : पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। हालांकि, इन हमलों में किसी प्रकार के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े :- पीरियड्स में मंदिर जाना सही या गलत? जानिए क्या कहती हैं धार्मिक मान्यताएं
आईआरजीसी के मुताबिक, घटनाक्रम की शुरुआत उस समय हुई जब अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया, जिससे उसके इंजन रूम को नुकसान पहुंचा। इसके जवाब में ईरान ने नौसैनिक मिसाइलों से एक अमेरिकी-इजरायली जहाज को निशाना बनाया।
इसके बाद अमेरिकी सेना ने क़ेशम द्वीप के दक्षिण में स्थित आईआरजीसी के एक संचार टावर पर हमला किया। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन के जरिए अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया, जिनमें अमेरिकी पांचवें बेड़े का मुख्यालय भी शामिल बताया गया है। (US-Iran War)
कई मिसाइलें रास्ते में ही हुईं निष्क्रिय
रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने क्षेत्रीय देशों की दिशा में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन कोई भी अपने निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। कुवैत की ओर छोड़ी गई दो मिसाइलें रास्ते में ही गिर गईं या विफल हो गईं, जबकि बहरीन की ओर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया।
अमेरिकी सेना ने भी पुष्टि की है कि उसने कई ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया तथा आत्मरक्षा के तहत क़ेशम द्वीप पर सैन्य कार्रवाई की।
क़ेशम द्वीप पर सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, उसने समुद्री मार्गों से गुजर रहे नागरिक जहाजों को निशाना बनाने के उद्देश्य से भेजे गए तीन ईरानी हमलावर ड्रोन भी नष्ट कर दिए। इसके अलावा, क़ेशम द्वीप पर स्थित एक ईरानी सैन्य ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर भी आत्मरक्षात्मक हमला किया गया।
हताहतों की पुष्टि नहीं
सूत्रों के मुताबिक, क़ेशम द्वीप के सुजा और मसेन इलाकों के पास विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। शुरुआती जानकारी में इन्हें किसी मिसाइल या प्रोजेक्टाइल के गिरने की घटना माना गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
CENTCOM ने कहा है कि युद्धविराम की स्थिति के बावजूद उसकी सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और क्षेत्र में किसी भी संभावित ईरानी आक्रामकता का जवाब देने के लिए तैयार हैं। (US-Iran War)



