रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिष ढाबा पर छापा मारकर ढाबा संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में देशी शराब, नकदी, मोबाइल फोन और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र के ग्राम कुर्रा स्थित महिष ढाबा में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है और ग्राहकों को मौके पर ही शराब पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोबरा नवापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर छापेमार कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने ढाबे में दबिश देकर जांच की तो पाया कि ढाबा संचालक और उसके सहयोगी ग्राहकों को अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने 44 अध्धी देशी मसाला शराब, एक पौवा देशी मसाला शराब, शराब बिक्री से संबंधित 25 हजार 60 रुपये नकद, एक लोहे का धारदार बटनदार चाकू और पांच मोबाइल फोन बरामद किए।
पूछताछ के दौरान ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी से शराब बिक्री और बरामद हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास भी करता रहा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी (30 वर्ष), भरत डहरिया (20 वर्ष), विक्की कुर्रे (30 वर्ष), धीरज बघेल (26 वर्ष) और अजय साहू (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी गोबरा नवापारा के सतनामीपारा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोबरा नवापारा थाना में अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36(क), आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला कायम किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार, नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।



