रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान को लेकर बीजेपी ने बड़ा हमला बोला है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में नेताओं के बीच एक-दूसरे को नीचा दिखाने और राजनीतिक तौर पर कमजोर करने की होड़ मची हुई है।
यह भी पढ़े :- Nautapa 2026: नौतपा के 9 दिन बेहद पवित्र, जानें क्यों बढ़ जाता है सूर्य देव की पूजा का महत्व
बीजेपी ने बयान जारी कर कहा कि “छत्तीसगढ़ में अपना अस्तित्व बचाने में जुटी कांग्रेस में अब एक-दूसरे को डुबोने का खेल चल रहा है। संगठन संभालने में असफल रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को दिल्ली जाने की सलाह दे रहे हैं, जबकि सिंहदेव लगातार हार का रिकॉर्ड बनाने वाले बैज को अपना कार्यक्षेत्र मजबूत करने की नसीहत दे रहे हैं।”
बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संगठन में गुटबाजी चरम पर पहुंच चुकी है और सभी नेता अपने-अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हैं।
सिंहदेव के बयान के बाद बढ़ी सियासी हलचल
दरअसल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काम करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता को दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मीडिया से चर्चा में बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव एआईसीसी के सदस्य हैं और उन्हें तमिलनाडु तथा पुडुचेरी का ऑब्जर्वर भी बनाया गया था। उन्होंने कहा कि पार्टी में युवाओं को मौका मिलना चाहिए और वर्तमान युवा टीम बेहतर काम कर रही है।
दीपक बैज ने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता के लिए छोटी है और उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज
सूत्रों के मुताबिक, सिंहदेव के बयान के बाद दीपक बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक स्थिति और हालिया बयानों पर चर्चा हुई।
हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अब तक इस पूरे मामले में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन बैज के बयान के बाद कांग्रेस संगठन में सियासी हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर खींचतान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।




