रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के आरव्हीएच कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- कोल लेवी वसूली मामले में ACB/EOW का बड़ा पूरक चालान, 1000 पन्नों का दस्तावेज कोर्ट में पेश
जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के चलते विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया।
पहले पक्ष के अनुसार, प्रार्थी अनिकेत डोंगरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी आयुष ठाकुर और पीयूष ठाकुर ने बालाजी चौक के पास गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जीवन बघेल पर धारदार चाकू से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत में कहा गया कि आयुष ठाकुर पर जीवन बघेल और मुकेश डोंगरे ने हमला किया और धारदार हथियार से सिर, माथे और पीठ पर चोट पहुंचाई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज करते हुए हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और दोनों पक्षों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन और धारदार चाकू बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में पीयूष ठाकुर (19), जीवन बघेल (23) और मुकेश डोंगरे (24) शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



