दुर्ग। भिलाई के घासीदास नगर वार्ड-23 स्थित हमर क्लीनिक में कार्यरत एक नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव अस्पताल परिसर के स्टाफ रूम में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय नेहा महिलांग के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े :- शादी का वादा कर युवती से बनाए संबंध, जरूरत बताकर लिए ढाई लाख; दूसरी से शादी कर आरोपी गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि नेहा पिछले करीब 5 साल से हमर क्लीनिक में कार्यरत थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ रहती थी।
रविवार को जब उसका पति स्टाफ रूम में पहुंचा, तो नेहा को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस मृतका के पति और हमर क्लीनिक के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नेहा ने आत्महत्या जैसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।




