रायगढ़। शादी का भरोसा दिलाकर युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म करने और अलग-अलग जरूरतों के नाम पर करीब 2.50 लाख रुपये लेने के मामले में महिला थाना पुलिस ने 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने बाद में दूसरी युवती से शादी कर ली और शिकायतकर्ता से विवाह करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म, CMO की नौकरी दिलाने के नाम पर 44.42 लाख की ठगी; 7 साल बाद FIR
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय युवती की वर्ष 2023 में मोबाइल के जरिए तरुण कर्ष, निवासी ग्राम ओडेकेरा, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने युवती से शादी करने की बात कही।
होटल में शादी का भरोसा देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2024 में आरोपी युवती को एक होटल ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर युवती के किराए के मकान पर भी आता-जाता रहा। जनवरी 2026 में भी वह करीब एक सप्ताह तक युवती के साथ रहा।
पीड़िता का आरोप है कि 18 मार्च 2026 को आरोपी अपने पिता, दोस्त और जीजा के साथ उसके घर रिश्ता लेकर पहुंचा था। इस दौरान सामाजिक रूप से शादी करने की बात कही गई। युवती के मुताबिक, दोनों ने मंदिर में भी शादी की थी और आरोपी लगातार सामाजिक विवाह का भरोसा देता रहा।
नौकरी के नाम पर लिए पैसे
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने रायपुर, बिलासपुर और अन्य जगहों पर नौकरी व काम के सिलसिले में जाने की बात कही। इस दौरान उसने अलग-अलग जरूरतें बताकर युवती से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये लिए।
कुछ समय बाद आरोपी ने युवती से बातचीत कम कर दी। 17 अगस्त को युवती को जानकारी मिली कि तरुण ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली है। पूछने पर आरोपी ने दूसरी शादी की बात स्वीकार कर ली और शिकायतकर्ता से विवाह करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने युवती से लिए गए पैसे लौटाने से भी मना कर दिया।
शिकायत के बाद गांव से पकड़ा गया आरोपी
मामले को लेकर युवती ने परिजनों से चर्चा के बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गांव ओडेकेरा से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।




