भिलाई। साइबर धोखाधड़ी और क्रिकेट सट्टे में म्यूल बैंक अकाउंट का इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते, पासबुक और एटीएम कार्ड हासिल कर अवैध गतिविधियों में उपयोग कर रहे थे।
यह भी पढ़े :- म्यूल बैंक अकाउंट से साइबर फ्रॉड करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, थाना छावनी क्षेत्र स्थित बैकुंठ धाम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-25 परिसर में कुछ लोगों द्वारा बैंक खाते और पासबुक एकत्र कर साइबर फ्रॉड तथा क्रिकेट सट्टे में इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी जावेद अख्तर और आकाश जायसवाल को गिरफ्तार किया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से बैंक खाते, पासबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज प्राप्त करते थे। बाद में इन्हें मोटी रकम लेकर अन्य लोगों को उपलब्ध कराया जाता था, जिनका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और अवैध आर्थिक गतिविधियों में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महाराजा बैंक से संबंधित खाता दस्तावेज और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना छावनी में धारा 319 एवं 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश जायसवाल निवासी शारदा पारा, कैंप-2 भिलाई तथा जावेद अख्तर निवासी मदर टेरेसा नगर, कैंप-1 भिलाई शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज किसी भी अनजान व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि इनका इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया जा सकता है।



