रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे डायल-112 की 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहनों और चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश में आपातकालीन सेवाएं अधिक आधुनिक, त्वरित और तकनीक आधारित हो जाएंगी। इससे संकट की स्थिति में लोगों को तेजी से सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 को प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नागरिकों को त्वरित और समन्वित सहायता मिल सकेगी।
हाईटेक होगी आपातकालीन सेवा
इस अत्याधुनिक सिस्टम में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली और तकनीक सक्षम डिस्पैच प्रबंधन जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।नई व्यवस्था के जरिए अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता और अन्य आपात स्थितियों में अधिक प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।



