भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Virat Kohli को लेकर जर्मन मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर LizLaz ने बड़ा दावा किया है। लिजलैज ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें विराट कोहली के खिलाफ नेगेटिव बयान देने और झूठे आरोप लगाने के बदले पैसे ऑफर किए थे।
यह भी पढ़े :- Sushasan Tihar : पिता का नाम दिलाने नवजात को लेकर शिविर पहुंची मां, पति ने अपनाने से किया इनकार
यह मामला तब चर्चा में आया था, जब इसी साल की शुरुआत में विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट से लिजलैज की एक पोस्ट लाइक हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। विराट कोहली इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं और उनके 273 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर फैंस की लगातार नजर रहती है।
“मैं पैसे के लिए गलत बातें क्यों बोलूं?”
दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में लिजलैज ने कहा कि विराट की ओर से पोस्ट लाइक किए जाने के बाद उन्हें कई मैगजीन और मीडिया संस्थानों से कॉल आने लगे। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन पर दबाव बनाया कि वे विराट कोहली के खिलाफ बयान दें।
लिजलैज ने कहा,
“कुछ पत्रकारों ने मुझे विराट कोहली के बारे में बुरा-भला कहने और ऐसे आरोप लगाने के लिए पैसे ऑफर किए, जो उन्होंने कभी किए ही नहीं। लेकिन मैं ऐसा क्यों करूंगी? मैंने खुद कहा है कि वह मेरे पसंदीदा क्रिकेटर हैं। मैं पैसों के लिए उनके बारे में गलत बातें नहीं कह सकती।”
आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में कोहली
दूसरी ओर Royal Challengers Bengaluru के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आरसीबी की टीम 11 मैचों में 14 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है और प्लेऑफ की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
कौन हैं लिजलैज?
लिजलैज जर्मन-साउथ अफ्रीकन सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर और सिंगर हैं। वे ट्रैवल व्लॉग्स बनाती हैं और भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित मानी जाती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके चार लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय संस्कृति, यात्रा और भारत दौरे से जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं। जनवरी में उन्होंने हरियाणा में आयोजित एक शादी समारोह में भी हिस्सा लिया था। विराट कोहली द्वारा उनकी पोस्ट लाइक किए जाने के बाद से वे भारतीय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं।



