दुर्ग। दुर्ग नगर निगम में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक निगम कर्मचारी की कथित व्हाट्सएप चैट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। चैट में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप के बाद बजरंग दल समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, निगम आयुक्त के निजी सहायक के रूप में प्लेसमेंट कर्मचारी पद पर कार्यरत गौतम साहू की एक महिला कर्मचारी के साथ निजी व्हाट्सएप चैट वायरल हुई। आरोप है कि चैट में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
चैट सामने आने के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने संबंधित कर्मचारी को भीड़ से बाहर निकालकर थाने ले जाकर सुरक्षा में रखा।
घटना के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। हंगामे के कारण कुछ समय के लिए निगम कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा।
बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन ने आरोप लगाया कि वायरल चैट में भगवान हनुमान, उज्जैन के महाकाल और नीम करौली बाबा को लेकर अभद्र टिप्पणियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हैं।
वहीं, बजरंग दल के जिला मंत्री राकेश तिवारी ने कहा कि देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पदमनाभपुर थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वायरल चैट की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




