रायपुर : बिलासपुर के सकरी थाना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। थाने के लॉकअप में बंद एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में आरोपी लॉकअप के भीतर सिगरेट पीते और खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बताते हुए नजर आ रहा है।
यह भी पढ़े :- बंगाल में खूनी खेल! सुवेंदु अधिकारी के पीए को गोलियों से भूना, मौत
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे “जय माता दी” नाम के इंस्टाग्राम पेज से यह लाइव वीडियो प्रसारित किया गया। वीडियो में हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय लॉकअप के अंदर अन्य तीन आरोपियों के साथ दिखाई देता है।
वायरल वीडियो में आरोपी लॉकअप के भीतर के दृश्य, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और थाना प्रभारी कक्ष की झलक भी दिखाता नजर आ रहा है। सबसे बड़ा सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि लॉकअप में बंद आरोपी के पास मोबाइल फोन और सिगरेट जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं कैसे पहुंचीं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कई यूजर्स ने मामले को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
आमतौर पर लॉकअप में बंद आरोपियों की तलाशी ली जाती है और मोबाइल फोन, सिगरेट जैसी वस्तुएं रखने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में यह घटना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक तौर पर पुलिस और आरोपी के बीच संभावित मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



