रायपुर। राजधानी में पर्स स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती दोपहिया वाहन में सवार होकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और झपट्टा मारकर पर्स लूटकर फरार हो जाते थे।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 42 IAS और 1 IFS अधिकारी के तबादले
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने थाना डीडी नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। पहली घटना 28 अप्रैल को मां शारदा अस्पताल मोड़ के पास हुई, जहां ऑटो में बैठी महिला से करीब 12 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और दस्तावेजों से भरा बैग छीन लिया गया। वहीं दूसरी घटना 2 मई को भाठागांव के शीतला चौक के पास हुई, जहां स्कूटी सवार महिला से 10 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान से भरा पर्स छीन लिया गया। इस दौरान महिला गिरकर घायल भी हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल और स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौर्य सिंह (देवा ठाकुर) (20) और ईशांत नेगी (20), निवासी पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, 1000 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक (CG 06 HA 9502) जब्त की है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर आगे की जांच जारी है।



