रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
यह भी पढ़े :- Shani Jayanti 2026 : शनि जयंती पर दुर्लभ संयोग, 5 राशियों की किस्मत चमकने के संकेत
मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है, जबकि घायल दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने गीतांजलि के माथे पर गोली मारी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और घर में मौजूद दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई और आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
मामले में डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि यह घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



