कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में हार के बाद ममता बनर्जी ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि वह किसी भी हाल में इस्तीफा नहीं देंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया।
यह भी पढ़े :- पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश नाकाम, दो महिलाओं सहित तीन आरोपी हिरासत में
ममता बनर्जी ने कहा, “मैं राजभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी। यह जनादेश नहीं, साजिश का परिणाम है। मुझे भवानीपुर में जानबूझकर हराया गया। बीजेपी ने सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव को प्रभावित किया।”
INDIA गठबंधन का समर्थन
उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने फोन कर उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष और मजबूती से एकजुट होगा।
चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखे आरोप
टीएमसी प्रमुख ने भारतीय चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, “यह चुनाव नहीं, एक सेटिंग थी। EVM में गड़बड़ी, अधिकारियों के तबादले और हमारे कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी—सब कुछ सुनियोजित था। बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत से हमें हराया गया।”
“अब मैं और आक्रामक होकर लड़ूंगी”
ममता ने कहा, “मेरे पास अब कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए मैं पूरी तरह स्वतंत्र हूं। मैं जनता के बीच रहकर इस लड़ाई को और तेज करूंगी। यह लड़ाई सिर्फ मेरी नहीं, लोकतंत्र को बचाने की है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना केंद्र के अंदर उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। उनके इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।



