बेमेतरा/रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध समाजसेवी और पद्मश्री सम्मानित फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की सतर्कता और उनकी सूझबूझ से यह प्रयास विफल हो गया। इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। बेमेतरा से आई खुशबू साहू नामक महिला अपने दो साथियों के साथ फूलबासन बाई के घर पहुंची और जरूरी चर्चा का हवाला देकर उन्हें बाहर बुलाया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कार में बैठा लिया और गाड़ी लेकर निकल पड़े।
इसी दौरान मार्ग में ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान जब वाहन को रोका गया, तब फूलबासन बाई ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को इशारा कर अपने अपहरण की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार दोनों महिलाओं समेत तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
सभी आरोपियों को सुकुल दैहान पुलिस चौकी लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी।



