रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के परिजनों के यहां हुई ईडी कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भारतमाला मामले की जांच से ज्यादा अजय चंद्राकर की आवाज दबाने की कोशिश लगती है।
यह भी पढ़े :- भारतमाला मुआवजा घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, धमतरी में कई ठिकानों पर छापेमारी- बड़े खुलासों के संकेत
पत्रकारों से चर्चा करते हुए बैज ने कहा कि अजय चंद्राकर विधानसभा में सरकार से तीखे सवाल पूछते रहे हैं और कई मुद्दों पर अपनी ही पार्टी की सरकार को आईना दिखाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से जांच एजेंसियों के जरिए उनकी जुबान बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है। बैज ने कहा कि पहले विपक्षी नेताओं के यहां ईडी जाती थी, अब भाजपा के भीतर असहमति रखने वालों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- भारतमाला घोटाला: पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के रिश्तेदार के घर ED की रेड, कई जिलों में मुआवजा घोटाले की जांच तेज
दीपक बैज ने खरीफ सीजन को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। आरोप लगाया कि कई सोसायटियों में अब तक यूरिया और डीएपी नहीं पहुंची है। पिछले वर्ष भी किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिली थी और इस बार भी तैयारी अधूरी नजर आ रही है। कांग्रेस ने किसानों की जरूरत के अनुसार उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
बैज ने आरोप लगाया कि अडानी पावर को पानी पहुंचाने के लिए आरंग क्षेत्र में किसानों की जमीनों पर जबरन पाइपलाइन डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि खेतों की मेड़ काटी जा रही है, पेड़ हटाए जा रहे हैं और किसानों को न मुआवजा दिया गया, न सहमति ली गई। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और सहमति के बाद ही काम किया जाए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की ईओडब्ल्यू – जांच की दिशा से भटकी या शक्तिशाली राजनेताओं की कठपुतली…..?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रायपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद भी हत्या, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बैज ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय केवल चालान और वसूली में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था बिगड़ना सरकार की विफलता को दर्शाता है।



