दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कथित AI जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में उन्हें पूर्व उपसचिव सौम्या चौरसिया के साथ दिखाए जाने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।
यह भी पढ़े :- ED जांच पर गरमाई सियासत: अजय चंद्राकर के भाई के घर कार्रवाई पर दीपक बैज का हमला
मामले में भिलाई नगर थाना क्षेत्र में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने वाले अकाउंट होल्डर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जिन अकाउंट्स से वीडियो शेयर किया गया था, उन्हें भी बैन कर दिया गया है।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी विजय अग्रवाल से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद सोमवार को जिले के अलग-अलग 8 थानों में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की साइबर टीम मामले की जांच में जुटी है। वीडियो के स्रोत और इसे वायरल करने वालों की पहचान की जा रही है।
इधर, राज्य महिला आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीर बताया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा कि AI तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करना गंभीर अपराध है।



