रायपुर, 17 मई। Advocate Protection Act : नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने रायगढ़ की आदिवासी महिला अधिवक्ता हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और दोषियों को फांसी देने की मांग की। महंत ने रायगढ़ जिला बार एसोसिएशन के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है।
रायपुर में जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्रदेश में वकीलों की सुरक्षा “भगवान भरोसे” है। उन्होंने आदिवासी महिला अधिवक्ता की नृशंस हत्या पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि जब न्याय दिलाने वाले वकील ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डबल इंजन सरकार सिर्फ PR चमकाने में व्यस्त
डॉ. महंत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री जिस संभाग और जिले से आते हैं, वहीं कानून-व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बजाय अपनी छवि चमकाने और पीआर मैनेजमेंट में व्यस्त है।
एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में लगातार वकीलों पर हमले बढ़ रहे हैं, ऐसे में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए तुरंत एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना चाहिए।उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए पूछा कि आखिर सरकार इस कानून को लागू करने से क्यों बच रही है।
डॉ. महंत की प्रमुख मांगें
- आदिवासी महिला अधिवक्ता हत्याकांड के आरोपियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए
- दोषियों को फांसी की सजा दी जाए
- प्रदेश में तत्काल एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए
- रायगढ़ जिला बार एसोसिएशन की सभी मांगें जल्द पूरी की जाएं
कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
डॉ. महंत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं के समर्थन में बड़ा आंदोलन करेगी। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में कानून-व्यवस्था और वकीलों की सुरक्षा का मुद्दा फिर गर्मा गया है।



