गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के जिल्दा गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी से नाराजगी में 400 फीट ऊंचे 33 हजार केवी हाईटेंशन लाइन टावर की चोटी पर चढ़कर बैठ जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- NH-53 पर रेत से भरे हाइवा ने दो बाइक सवारों को कुचला, दोनों की मौके पर दर्दनाक मौत
25 वर्षीय युवक केवल सिंह आयाम अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी पिछले 3-4 दिनों से गांव में चाचा के घर चल रहे विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गई थी और वापस नहीं लौटी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक टावर की सबसे ऊपरी चोटी पर जा बैठा और लगभग 2 से 3 घंटे तक वहीं बैठा रहा। नीचे खड़े उसके परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन वह नहीं माना।
घटना की सूचना मिलते ही कोडगार चौकी पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। किसी बड़े हादसे से बचने के लिए तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवा दी गई।
इसके बाद पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत और लंबी समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
मौके पर भारी भीड़ जमा रही और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि युवक केवल सिंह आयाम पूरी तरह सुरक्षित है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।



