रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे को निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर रायपुर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में अटैच किया गया है।
यह भी पढ़े :- Raipur Shooting Case Verdict : रायपुर के चर्चित 2013 गोलीकांड में कोर्ट का बड़ा निर्णय…! आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर बरी
यह कार्रवाई विभागीय जांच के आधार पर की गई है, जिसकी शुरुआत काउंसिल में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की शिकायतों से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों ने सेवा विस्तार के मुद्दे पर असंतोष जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया था और मंत्रालय पहुंचकर सामूहिक इस्तीफा भी सौंपा था। साथ ही रजिस्ट्रार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।

कर्मचारियों के विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। करीब दो महीने तक चली जांच में दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें कई स्तर पर अनियमितताओं के संकेत मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान कार्यालयीन कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। एक महिला कर्मचारी द्वारा रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर किए जाने की शिकायत सामने आई है, जिसकी अलग से जांच जारी है। इसके अलावा, कुछ नर्सिंग कॉलेजों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में आगे बढ़ाने के लिए दस्तावेजों में कथित अनियमितता और वित्तीय प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के संकेत भी मिले हैं, जिससे शासन को संभावित नुकसान की आशंका जताई गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह भी पाया गया कि कुछ निर्णय निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थे, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं।
निलंबन अवधि के दौरान दुर्गा उसारे को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। फिलहाल उन्हें रायपुर के सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है, जहां से आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।



