राजनांदगांव। जिले में तंत्र-मंत्र और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी मोहम्मद अजीज खान को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग की भारी गलती, 8वीं बोर्ड परीक्षा में प्रश्न के नीचे उत्तर लिखने जगह ही नहीं दी
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा एक युवक की आत्महत्या के बाद हुआ। मृतक कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को मानसिक तनाव में जहर सेवन कर लिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट मिला, साथ ही बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश और तंत्र-मंत्र (चटिया-मटिया) के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर मृतक से करीब 4 करोड़ रुपये ठग लिए थे। पैसा वापस नहीं मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के कारण कोमल साहू गहरे तनाव में आ गया था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाकर 3 अप्रैल को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने नकद और बैंक खातों के जरिए बड़ी रकम लेने की बात कबूल की है।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318-4, 108 और 3-5 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



