रायपुर। अंबिकापुर में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की सनसनीखेज घटना ने प्रदेशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी स्थानीय है और उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस उसे जल्द ही गिरफ्तार करेगी।
गृहमंत्री ने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव द्वारा कड़ी कार्रवाई की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सजा देने का अधिकार न्यायालय के पास होता है। सरकार और पुलिस का काम साक्ष्य जुटाकर अदालत में प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
5 राज्यों के चुनाव पर बयान
विजय शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है और वहां भाजपा सरकार बनने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है।
भूपेश बघेल पर साधा निशाना
असम में दिए गए बयानों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि वहां की जनता घुसपैठ जैसी समस्याओं से परेशान थी, जिन पर भाजपा सरकार ने काम किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां भूपेश बघेल जाते हैं, वहां भाजपा को फायदा मिलता है।
ताड़मेटला घटना का जिक्र
वर्ष 2016 की ताड़मेटला नक्सली घटना को याद करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना थी, जिसे कोई भूल नहीं सकता। हालांकि अब ऐसे कई नक्सली या तो मारे जा चुके हैं या मुख्यधारा में लौट आए हैं। उन्होंने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए।



