भिलाई। Joint Entrance Examination Main (JEE मेन्स) परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी ने चप्पल में मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से उसका भंडाफोड़ हो गया।
यह भी पढ़े :- रायपुर में आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर का दौरा, IIM दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को भिलाई-3 स्थित Parthivi College of Engineering and Management में JEE मेन्स परीक्षा आयोजित की गई थी। सुबह करीब 8:25 बजे परीक्षार्थी आदित्य कुमार परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। मेटल डिटेक्टर से जांच के दौरान उसने पहले ही अपनी चप्पल उतार दी, जिससे उस समय कोई संदेह नहीं हुआ।
परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हुई। करीब 11:08 बजे परीक्षार्थी बायो-ब्रेक के लिए वॉशरूम गया और 11:28 बजे वापस लौटा। वापसी के दौरान भी जांच की गई, लेकिन उसने फिर से चप्पल उतारकर जांच करवाई।
इसी बीच जब वह लैब की ओर लौट रहा था, तो उसकी चाल पर सुरक्षा गार्ड को शक हुआ। वह चप्पल को घसीटते हुए चल रहा था। गार्ड ने तुरंत उसे रोका और चप्पल उतरवाकर जांच की।
जांच में चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया जाना सामने आया। इसके बाद केंद्र प्रबंधन को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पुरानी भिलाई थाने ले गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Chhattisgarh Public Examination Act 2008 की धारा 9 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



