रायपुर। कमिश्नरेट रायपुर में आज पुलिस लाईन पर आयोजित जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर अमित तुकाराम कांबले एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल की उपस्थिति में पुलिसकर्मियों का बलवा ड्रिल अभ्यास संपन्न हुआ। यह अभ्यास डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस कमिश्नर, रायपुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अभ्यास के दौरान उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों की वेशभूषा का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात, दंगों की स्थिति में कानून-व्यवस्था स्थापित करने हेतु विभिन्न पार्टियों का गठन किया गया। इन पार्टियों में प्रदर्शनकारी दल, कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक, अश्रुगैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, रिजर्व पार्टी, गिरफ्तारी पार्टी, राइफल पार्टी, प्राथमिक उपचार पार्टी, रिपोर्टर, फ़ोटोग्राफ़र और पुलिस मुखबिर शामिल थे।
अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-01 (क्राइम एवं साइबर) गौरव मंडल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आकाश मरकाम, सहायक पुलिस कमिश्नर राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल, सहायक पुलिस कमिश्नर, लाईन रायपुर नीलेश कुमार द्विवेदी और रक्षित निरीक्षक अनीश सारथी ने उग्र भीड़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, सतर्कता और दायित्वों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही नवीन भारतीय न्याय संहिता और नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रासंगिक धाराओं पर भी चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने अभ्यास में बल का नेतृत्व कुशलता से करने पर संतोष व्यक्त किया और आवश्यक सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए। उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया, जबकि निर्धारित वेशभूषा न पालने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को चेतावनी दी गई।
जनरल परेड का उद्देश्य पुलिस बल के व्यावसायिक ज्ञान, समन्वय क्षमता और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया कौशल का विकास करना था। इस अभ्यास में जिला रायपुर के 530 अधिकारी/कर्मचारी, जिनमें राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षु महिला/पुरुष आरक्षक शामिल थे, ने भाग लिया।



