सूरजपुर। जिले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की बार-बार सख्ती के बावजूद सोशल मीडिया पर लाइक्स और वायरल होने के लालच में युवक सड़क पर बर्थडे मनाने से बाज नहीं आ रहे। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे पर 16 फरवरी की रात करीब 10-11 बजे युवकों ने कार की बोनट पर केक काटकर जश्न मनाया, आतिशबाजी की और यातायात आधे घंटे तक ठप कर दिया। एम्बुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंस गए, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हुई। घटना लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही में आरव रेस्टोरेंट के सामने की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसएसपी के निर्देशन में दो टीमें गठित कर जांच शुरू हुई, जिसके परिणामस्वरूप अम्बिकापुर से 6 और लटोरी से 1 युवक को गिरफ्तार किया गया। दो वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार युवक:
अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24 वर्ष), पिता राकेश गुप्ता, निवासी वार्ड क्र. 44, अम्बिकापुर
अंशुल अग्रवाल (25 वर्ष), पिता सोहन लाल अग्रवाल, निवासी अम्बिकापुर
प्रथम अग्रवाल (24 वर्ष), पिता प्रमोद अग्रवाल, निवासी मणीपुर, अम्बिकापुर
शुभम अग्रवाल (23 वर्ष), पिता सुभाष अग्रवाल, निवासी कुण्डला सिटी, अम्बिकापुर
महेश साहू (27 वर्ष), पिता विनय साहू, निवासी बिलासपुर चौक, अम्बिकापुर
निखिल रामा (26 वर्ष), पिता तुलसी राम, निवासी जनपदपारा, अम्बिकापुर
अरूण देवांगन (39 वर्ष), पिता कैलाश प्रसाद देवांगन, निवासी लटोरी, चौकी लटोरी
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 285, 126(2), 283 आदि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। हाईकोर्ट ने पहले ही सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंटबाजी और यातायात बाधित करने के मामलों में स्वत: संज्ञान लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा था और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं जारी हैं, जो यातायात नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति लापरवाही को दर्शाती हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के नाम पर सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



