रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक अंतरराज्यीय आरोपी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। मामला रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे एक युवक गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुढ़ियारी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कुणाल नाइक (21 वर्ष) निवासी ओड़िशा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.587 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 79,350 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 64/2026, धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज (तस्करी नेटवर्क) की जांच कर रही है।



