उत्तर प्रदेश। गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 35 वर्षीय चाची अपने ही 15 वर्षीय भतीजे को लेकर फरार हो गई। यह मामला 26 जनवरी का है, जब कक्षा 9 में पढ़ने वाला नाबालिग छात्र अचानक घर से लापता हो गया और उसके साथ उसकी चाची भी गायब पाई गई।
शुरुआत में परिवार वालों ने लोकलाज के डर से घटना को छुपाने की कोशिश की, लेकिन जब दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो आखिरकार पीपीगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, जिसके बाद दोनों की लोकेशन ट्रेस की गई। करीब एक हफ्ते की मशक्कत के बाद सोमवार को दूसरे थाना क्षेत्र की पुलिस ने दोनों को एक साथ बरामद कर पीपीगंज पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला अपने भतीजे के साथ शादी करने की योजना बना रही थी और इसी इरादे से उसे घर से भगा ले गई थी। बताया गया कि महिला का पति, जो लड़के का चाचा है, बाहर रहता है और इसी दौरान चाची और भतीजे के बीच बातचीत बढ़ती गई, जिस पर किसी को शक भी नहीं हुआ।



