रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डीजीपी कॉन्फ्रेंस को छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य रहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण कानून-व्यवस्था से जुड़ी डीजीपी कॉन्फ्रेंस के पहले तीन दिन केंद्रीय स्तर पर राज्य में आयोजित किए गए। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देशभर से 260 से अधिक वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिनों तक देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था, नक्सलवाद, साइबर क्राइम और आधुनिक चुनौतियों पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जिसकी मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली। इसी क्रम में आज राज्य स्तर पर समीक्षा बैठक पुलिस मुख्यालय मे आयोजित की गई, जिसमें केंद्र से प्राप्त निर्देशों की विस्तृत समीक्षा की गई। सीएम साय ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो भी दिशा-निर्देश मिले हैं, उन पर पूरी गंभीरता के साथ अमल किया जाएगा। जहां आवश्यक होगा, वहां नए प्रावधान भी किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।



