सरगुजा। सोशल मीडिया पर केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्थानीय विधायकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में धारा 353(2) B.N.S. के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : 53 नगरीय निकायों में ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स शुरू, घर बैठे होगा भुगतान
पुलिस के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और क्षेत्रीय विधायक पर अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया। मामले को गंभीर मानते हुए सीतापुर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी स्वयं को पत्रकार बताते हुए झूठी और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रही थी, जिससे आम जनता में गलत संदेश फैल रहा था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग हो रहा था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इस तरह के मामलों में पहले भी कई थानों में एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। वर्तमान प्रकरण में उन्होंने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के आंगनबाड़ी भवन हेतु शासकीय भूमि से जुड़े मुद्दे पर कथित झूठे आरोप लगाए थे।
पुलिस ने बताया कि आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर अग्रिम विवेचना जारी है।



