रायपुर : सुशासन दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम परिसर में अटल शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी के विकास को नई गति देने के संकल्प को दोहराया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ₹187 करोड़ से अधिक की लागत वाले 23 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से रायपुर में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़े :- बकावंड में सुशासन बेदम: पीएम आवास योजना में खुली लूट, गरीब महिला को न मजदूरी मिली न पूरा मकान
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के तहत महिला हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। लाभार्थी महिलाओं ने कहा कि इन योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।
अटल शताब्दी वर्ष के अंतर्गत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और छत्तीसगढ़ से उनके विशेष लगाव पर आधारित कॉफी टेबल बुक “अटल पथ पर छत्तीसगढ़” का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक में अटल जी के सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विचारों को समाहित किया गया है, जो युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
वक्ताओं ने अटल जी को सादगी, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलकर सुशासन को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हितग्राही और नागरिक सम्मिलित हुए।



