रायपुर : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पत्नी के अलग रहने से व्यथित एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपने दोस्त को भेजा और उसके पास आने व पत्नी को साथ लाने की बात कही। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- जबरन 1 किलो धान कटवा रहे प्रबंधक! अनिला भेड़िया के औचक निरीक्षण में धांधली का बड़ा खुलासा
वीडियो में क्या कहा युवक ने
युवक ने वीडियो में कहा- “मैं मलनिया नदी के पास हूं… आकर ले जाना… परिवार को संभाल लेना… घर पर किसी को मत बताना… जब मुझे ले आना तो पत्नी को साथ लाना… चलता हूं दोस्त।”
वीडियो में उसने पेड़ को भी दिखाया, जिसके पास उसने बैठकर वीडियो बनाया था। कुछ देर बाद उसने उसी पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
कौन था युवक
- मृतक का नाम रियाज खान (25) था।
- वह खोडरी का रहने वाला था और फैंसी स्टोर का व्यवसाय करता था।
- कुछ दिनों से पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी मायके में रह रही थी।
- पत्नी के अलग रहने से वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
कैसे खुलासा हुआ मामला
वीडियो मिलने पर उसके दोस्त ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस परिजनों के साथ मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारा और पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस का बयान
गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पत्नी से नाराजगी के चलते आत्महत्या की बात सामने आई है। हालांकि विस्तृत जांच जारी है और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।



