रायपुर। डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धान खरीदी के लिए मजबूत और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी सुचारु रूप से चल रही है और पहले ही दिन प्रदेशभर में 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है। साव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पूरे सीजन में खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कांग्रेस पर बोला हमला
डिप्टी सीएम साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों को बार-बार धोखा दिया। न दो साल का बोनस दिया, न वादे पूरे किए। किस्तों में कटौती कर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस की नीयत अच्छी तरह पहचान चुके हैं, इसलिए कांग्रेस की आलोचना का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं की विश्वसनीयता अब खत्म हो चुकी है, इसी वजह से वहां की जनता ने भी उन्हें नकार दिया। भाजपा नेताओं और संगठन के संयुक्त प्रयासों से बिहार में ऐतिहासिक जीत मिली है।
नक्सल मोर्चे पर सफलता
सुकमा में तीन नक्सलियों के मारे जाने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है। सरकार का लक्ष्य है कि मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया किया जाए।



