रायपुर : छत्तीसगढ़ में नई कलेक्टर गाइडलाइंस ने जमीन की कीमतों को अचानक 5 से 9 गुना तक उछाल दिया है। गाइडलाइन में इस भारी बढ़ोतरी से गुस्साए रियल एस्टेट कारोबारियों का आंदोलन लगातार पांचवें दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को दुर्ग में हालात तब बिगड़ गए जब प्रदर्शन कर रहे जमीन व्यापारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस जवानों ने व्यापारियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे कई लोग घायल हो गए और कई को हिरासत में ले लिया गया।

कलेक्ट्रेट और रजिस्ट्रार ऑफिस के बाहर सुबह से भारी भीड़ जमा थी। पांच दिनों से चली आ रही नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच सोमवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। दोपहर 1 बजे प्रदर्शनकारी जब बैरिकेडिंग तोड़ते हुए रजिस्ट्रार ऑफिस की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। भीड़ न रुकी—और फिर लाठीचार्ज शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई पूरी तरह बर्बर थी।
जमीन व्यापारी कन्हैया मिश्रा ने कहा जमीन ही हमारी रोजी-रोटी है। कई व्यापारी बुजुर्ग हैं, न नई नौकरी कर सकते हैं न कोई दूसरा काम। पुलिस का इस तरह लाठी चलाना पूरी तरह निंदनीय है।
पुलिस की ओर से कहा गया कि भीड़ में कुछ लोग लगातार उकसा रहे थे। एडीएम अभिषेक अग्रवाल ने बताया— हम शांतिपूर्ण बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ उपद्रवियों ने धक्का-मुक्की की और पुलिस पर पानी के पाउच फेंके। स्थिति बिगड़ने लगी तो हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने भी यही दावा दोहराया कि लोगों को कई बार समझाया गया था कि बिना अनुमति जुलूस या चक्काजाम न करें, लेकिन भीड़ ने बात नहीं मानी और सड़क पर भाषण देने लगी। इधर, कांग्रेस ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए, पुतला दहन किया और राज्य सरकार व प्रशासन पर जमकर निशाना साधा।
कीमतों में आग: 10 लाख की जमीन 70 लाख
नई गाइडलाइन के बाद रियल एस्टेट की दुनिया में भूचाल आ चुका है। जिस जमीन की कीमत 10 लाख थी, वह सीधे 60–70 लाख तक पहुंच गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और अंबिकापुर समेत कई शहरों में कारोबारी इस बढ़ोतरी को “बेतुका और अव्यावहारिक” बता रहे हैं।
कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने गाइडलाइन वापस नहीं ली, तो पूरे प्रदेश में रजिस्ट्री का बायकॉट करेंगे। जमीन कीमतों की आग और पुलिस कार्रवाई से छत्तीसगढ़ का राजनीतिक तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में विरोध और तेज हो सकता है।



