मुंगेली। डिप्टी मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के गृह जिले होने के बावजूद मुंगेली नगर पालिका विकास की धीमी रफ्तार से जूझ रही है। पिछले 20 महीनों में नगर क्षेत्र के लिए 92 करोड़ रुपये की स्वीकृति और हाल ही में लगभग 30 करोड़ रुपये के नए कार्यों के शिलान्यास के बावजूद कई परियोजनाएं कागजों से आगे नहीं बढ़ पाई हैं। 19 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने जब यह स्थिति देखी, तो उन्होंने मंच से ही नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।
नगर पालिका में कई स्वीकृत परियोजनाओं के लिए न जमीन का चयन हो पाया और न ही ठोस कार्ययोजना तैयार हो पाई है। सीएमओ से लेकर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों तक सभी पर विकास में बाधा डालने के आरोप लग रहे हैं। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि सरकार धन की कमी नहीं होने दे रही, लेकिन स्थानीय स्तर पर कार्यों की गति बेहद सुस्त है, जो स्वीकार्य नहीं है।
मुंगेली नगर पालिका में कांग्रेस के रोहित शुक्ला अध्यक्ष हैं और भाजपा के जय प्रकाश मिश्रा उपाध्यक्ष। जानकारों का मानना है कि दोनों के बीच जारी राजनीतिक खींचतान ने विकास की रफ्तार को और धीमा कर दिया है। नगर पालिका कार्यालय भवन, नालंदा परिसर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत होने के बावजूद शुरू नहीं हो पाई हैं। इससे जनता में बढ़ती नाराजगी साफ झलकने लगी है।
डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में स्पष्ट संदेश दिया “मुंगेली के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। कमी है तो बस कार्य शुरू करने की इच्छाशक्ति की। पहले से स्वीकृत सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।” उन्होंने कहा कि चाहे पीडब्ल्यूडी हो, पीएचई, खेल विभाग या नगरीय प्रशासन हर विभाग को मुंगेली के विकास में अपनी भूमिका ईमानदारी से निभानी होगी।
उन्होंने मंच से जनप्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए आपसी सामंजस्य बेहद जरूरी है। “किंतु-परंतु और राजनीतिक मतभेद छोड़कर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें,” यह संदेश उन्होंने विशेष रूप से नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए दोहराया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल की कमी भी विकास में बड़ी बाधा बनी हुई है। जनता में यह चर्चा भी है कि कहीं कुछ जनप्रतिनिधि अपने पसंदीदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए परियोजनाओं में देरी तो नहीं करा रहे हैं। यह स्थिति मुंगेली निवासियों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि नगर पालिका में क्या चल रहा है, उनसे कुछ भी छिपा नहीं है। अब समय आ गया है कि सभी मिलकर तेजी से काम करें और मुंगेली को एक आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।



