खैरागढ़ (रायपुर)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय बच्ची ने अपने ही छोटे भाई और बहन को कुएं में धकेल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान करण वर्मा (4 वर्ष) और राधिका वर्मा (1.5 वर्ष) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में गूंजा इंजनों का शोर: राष्ट्रीय सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप-2025 का रोमांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इस वजह से परिजन बच्चों को आपस में खेलने से रोकते थे। बताया जा रहा है कि घटना के दिन 4 साल के करण ने किसी बात पर अपनी 13 वर्षीय बहन को चिढ़ाया था, जिससे वह गुस्सा हो गई। गुस्से में बच्ची ने पहले करण को घर के पास स्थित कुएं में धकेल दिया।
इस घटना को उसकी छोटी बहन राधिका ने देख लिया और रोने लगी। इसके बाद 13 साल की बच्ची ने उसके मुंह पर रूमाल बांधा और उसे भी कुएं में फेंक दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने 13 वर्षीय बच्ची को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और बच्ची की मानसिक स्थिति (साइकोलॉजिकल एंगल) पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



