रायपुर। बलरामपुर जिले में एक क्रशर संचालक और उसके साथियों की बर्बरता ने इंसानियत और कानून व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला भेलाई खुर्द गांव का है, जहां डीजल चोरी के शक में दो युवकों को पकड़कर पहले बंधक बनाया गया, फिर अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटा गया।
बिहार चुनाव में गरमाई सियासत, प्रियंका गांधी बोलीं – ज्ञानेश कुमार, शांति से रिटायर नहीं होंगे
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक के हाथ-पैर पाइप और रस्सी से बांधकर लात-घूंसों से मार रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस युवक की पिटाई की गई, वह क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता है।
डीजल चोरी के शक में दी गई “तालिबानी सजा”
जानकारी के अनुसार, घटना बरियो चौकी क्षेत्र के भेलाई खुर्द स्थित एक क्रशर प्लांट की है, जिसका संचालन अंबिकापुर के कुंडला सिटी निवासी दीपक अग्रवाल करता है। कुछ दिनों से क्रशर प्लांट में लगे वाहनों से डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी शक में दीपक अग्रवाल और उसके साथियों ने दो युवकों को पकड़ लिया।
दोनों को कमरे में बंद कर न सिर्फ अर्धनग्न किया गया बल्कि कमर के बीच पाइप फंसाकर रस्सी से बांधने के बाद उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपियों ने खुद इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बरियो चौकी प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की पहचान विनोद सारथी, निवासी बघिमा, के रूप में हुई है। उनसे फोन पर पूछताछ की गई, लेकिन आरोपी पक्ष के डर से उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
फिलहाल पुलिस ने युवक को चौकी बुलाया है। वहीं बलरामपुर एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



