रायपुर। राजधानी रायपुर के सुंदर नगर इलाके में एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी के घर से सोने की अंगूठी और नकदी रकम की चोरी का मामला सामने आया है। वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक महिला नीले रंग का सलवार सूट पहने और चेहरा ढके हुए घर में घुसती नजर आ रही है।
मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ब्यास नारायण शुक्ला, निवासी अमरपुरी रोड, सुंदर नगर, ने बताया कि वे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस रायपुर में असिस्टेंट रीजनल मैनेजर पद से साल 1998 में सेवानिवृत्त हुए थे और फिलहाल अकेले रहते हैं।
घटना 4 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे की है। शुक्ला अपने घर में ताला लगाकर अश्विनी नगर स्थित तिवारी किराया भंडार में अपने मित्रों से मिलने गए थे। जब वे रात 9:20 बजे लौटे, तो देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ है। शक होने पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें एक अज्ञात महिला घर में प्रवेश कर अलमारी का लॉकर खोलते नजर आई।
महिला लॉकर से एक सोने की अंगूठी और नकदी रकम लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने यह भी बताया कि इससे पहले भी अलमारी से एक जोड़ी सोने की टॉप्स और 5 नग चांदी की बिछिया गायब हो चुकी हैं।
डीडी नगर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।



