रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार देर रात हिट एंड रन की गंभीर घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत कार चालक ने ट्रैफिक आरक्षक को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आरक्षक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है।
बड़ा सड़क हादसा: ट्रक से टकराई यात्री बस, 14 लोग घायल, दो को रायपुर रेफर

जानकारी के मुताबिक, एसएसपी लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग पॉइंट लगाया गया था।
तेज रफ्तार कार ने तोड़ा चेकिंग पॉइंट
देर रात बलेनो कार (CG 04 ML 8357) चेकिंग पॉइंट के पास पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी की रफ्तार अचानक बढ़ा दी और बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागने लगा। रोकने की कोशिश में कार ने ट्रैफिक आरक्षक हेम कुमार पटेल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी दूर जाकर कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई।
आरक्षक घायल, पैर की हड्डी टूटी
घायल आरक्षक हेम कुमार पटेल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह टूट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी ट्रैफिक प्रशांत शुक्ला मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।
दो युवक गिरफ्तार, नशे में थे धुत
पुलिस ने कार में सवार आदित्य चौधरी और सिद्धांत दान को मौके से हिरासत में ले लिया। प्राथमिक जांच में पता चला कि दोनों युवक किसी पब से लौट रहे थे और नशे में थे। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि चेकिंग के डर से उन्होंने कार की गति बढ़ा दी, जिससे हादसा हुआ।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक प्रशांत शुक्ला ने बताया कि “एसएसपी के निर्देश पर नशे में वाहन चलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। तेलीबांधा क्षेत्र में इसी दौरान यह हादसा हुआ। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया जा रहा है।”



