बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मुरूम खदान इलाके में स्थित दुर्गा मंदिर में शुक्रवार देर रात एक विवादित घटना हुई, जब मुस्लिम युवक मोहम्मद अशरफ खान ने शिवलिंग पर पेशाब कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और सैकड़ों लोग मंदिर के पास इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
यह भी पढ़े :- रायपुर में 86 किलो चांदी की लूट का झूठ पकड़ा, कारोबारी पुलिस हिरासत में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही घटना की खबर फैली, आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी की। भीड़ ने आसपास की मुस्लिम बस्ती में पथराव और तोड़फोड़ की, कई घरों के शीशे टूट गए।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सरकंडा पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद अशरफ खान को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों से दूर रहें।
स्थानीय प्रतिक्रिया
हिंदू समुदाय के लोगों ने मंदिर परिसर को गंगाजल और दूध से शुद्ध कर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी शुरू की। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि इस प्रकार के कृत्य सनातन धर्म और हिंदू समुदाय के आराध्यों के लिए खतरे की चेतावनी हैं।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा रही है।



