रायपुर। दीपावली का पर्व सिर्फ दीप जलाने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सेवा, संवेदना और आपसी अपनत्व का संदेश भी देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, देवेन्द्र नगर रायपुर के विद्यार्थियों ने बढ़ते कदम संस्था द्वारा संचालित आनंद आश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। बच्चों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ गीत गाए, नृत्य किया और रंगारंग गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं। साथ ही दीप प्रज्वलित किए और आकर्षक रंगोली बनाकर आश्रम के माहौल को उत्सवमय बना दिया। विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ मिठाइयां भी बांटीं और उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त किया।
बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और आत्मीय व्यवहार से आनंद आश्रम का वातावरण खुशियों से भर गया। लंबे समय तक बच्चों के साथ समय बिताकर बुजुर्ग भी भावुक और उत्साहित नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, रायपुर के सचिव संजय जोशी ने बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, संवेदना, प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
इस आयोजन के लिए बढ़ते कदम संस्था के अध्यक्ष मुकेश सचदेव, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश मध्यानी और आनंद आश्रम के प्रभारी सुनील नरवानी ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व निभाने की प्रेरणा मिलती है




