जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 476 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- PM आवास के नाम पर 3 से 20 हजार रुपये लेने का आरोप, ग्रामीणों ने रोजगार सहायिका के खिलाफ खोला मोर्चा
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे खेप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बड़ी खेप को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल टाटा लोडिंग पिकअप वाहन के अलावा एक बाइक भी जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ और वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से हासिल की गई थी और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था।
जांच के तहत पुलिस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जानकारी जुटा रही है। इसके जरिए सप्लायर, खरीदार और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।




