रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। माना थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर बुधवार शाम तीन नाबालिगों ने मिलकर 18 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब युवक संप्रेक्षण गृह में बंद अपने परिचित से मुलाकात कर बाहर निकला था। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है।
मुलाकात कर बाहर निकला, तभी तीनों ने घेरकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सावन सेन (18), पिता अग्रसेन सेन, निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती रायपुर के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 4 से 4:10 बजे के बीच सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध अपने परिचित अपचारी बालक से उसकी मुलाकात होनी थी।
मुलाकात के बाद जैसे ही सावन मुख्य द्वार से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सावन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगे।
तीन महीने पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ सावन को एंबुलेंस की मदद से डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में हत्या के पीछे तीन महीने पुरानी रंजिश सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों नाबालिग सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने मुख्य अपचारी बालक पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद से तीनों उससे बदला लेने की फिराक में थे।
बुधवार को उन्हें जानकारी मिली कि सावन माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह आने वाला है। इसके बाद तीनों ने उसे निशाना बनाने की योजना बनाई और संप्रेक्षण गृह के बाहर उसका इंतजार करने लगे। सावन के बाहर निकलते ही उन्होंने हमला कर दिया।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश होंगे तीनों नाबालिग
माना थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
राजधानी में बाल संप्रेक्षण गृह जैसी संवेदनशील जगह के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुरानी रंजिश में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।



