पंकज विश्वकर्मा,
समाचार संपादक
रायपुर/जगदलपुर. बस्तर भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक, अपेक्स के उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ शासन के आदेश दिनांक 2/11/2026 के अनुसार पूर्ववत नियुक्त अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता के साथ शिवनारायण पांडेय को बैंक में उपाध्यक्ष के पद में नियुक्त किया गया है।

नवनियुक्त उपाध्यक्ष शिवनारायण पांडेय साल 2014-20 तक छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में 6 साल तक कार्यरत रहे थे। पीएससी के सदस्य रूप में इनके कार्यकाल को बहुत ही सुखद और संतोषजनक बताया गया था। कहा यह भी जाता है कि इनके कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की सारी भर्तियां नियमित रही थी और पीएससी की सभी परीक्षा समय पर आयोजित की गई थी। पीएससी के सदस्य के रूप में और अपने कार्यकाल के माध्यम से उन्होंने एक स्वस्थ परंपरा और आयोग में उच्च नैतिक मापदंड स्थापित किये थे।

शिवनारायण पांडेय ने बस्तर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर छात्र राजनीति और अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत की थी। पांडेय ने भाजपा में जिला सहित प्रदेश के कई पदों पर काम किया है और वह लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े हुए हैं।
शिवनारायण पांडेय बस्तर में राजनैतिक ध्रुव रहे पूर्व सांसद बलिराम कश्यप के बड़े समर्थक और वर्तमान में बस्तर भाजपा के सबसे कद्दावर नेता और साय सरकार में वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप के विश्वस्त सहयोगी के रूप में भी जाने जाते हैं।
पंरतु सियासी हल्कों में इस नियुक्ति को शक्ति संतुलन के रूप में देखा जा रहा है। कहा यह भी जा रहा है कि अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता की कार्यशैली से सत्ता पक्ष के कुछ वरिष्ठ नेता संतुष्ट नहीं है। हाल ही में की गई उच्चतर प्रबंधन की कुछ नियुक्तियों से धमतरी क्षेत्र के एक वरिष्ठ भाजपा विधायक ने स्पष्ट रूप से अपना विरोध भी दर्ज कराया है।




