बस्तर। गांजा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच नगरनार पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास एनएच-63 पर घेराबंदी की।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा झटका, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन
इसी दौरान संदिग्ध पति-पत्नी को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार बैग के अंदर गांजे के चार पैकेट मिले। वजन कराने पर कुल मात्रा 8 किलो 500 ग्राम निकली।
गांजे के साथ नगदी और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपियों के कब्जे से नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से लिया गया था और इसे मथुरा में किसे पहुंचाया जाना था।
मथुरा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र दास और उसकी पत्नी संचिता दास के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मथुरा के निवासी बताए गए हैं।
नगरनार पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ गांजा तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




