रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद की है।
यह भी पढ़े :- करवाचौथ पर गैस सिलेंडर ब्लास्ट, घर में लगी आग, बाल-बाल बचा परिवार
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात घर में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गए थे। अगले दिन सुबह लौटने पर घर के दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर भी टूटा था। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले।
शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 676/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और पुराने अपराधियों से मिली अहम कड़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने चोरी और नकबजनी के पुराने मामलों में शामिल आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा क्षेत्र के मोती नगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना वाली रात आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था।
पूछताछ में दो साथियों के नाम सामने आए
सूचना के आधार पर पुलिस ने यशवंत उर्फ लक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07/LU/4432 बरामद की गई। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
दो आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाने के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ के खिलाफ भी टिकरापारा थाने में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज रहे हैं और वह पूर्व में जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18), शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19) और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




